NEWS PR डेस्क: बेगूसराय,19 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बिहार में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की पहल करते हुए राज्यभर में 551 सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालयों का शुभारंभ किया। बेगूसराय के बीपी इंटर स्कूल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन मॉडल स्कूलों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह पहला बेगूसराय दौरा था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “आज बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन है। बेगूसराय राष्ट्रकवि की धरती है, जिसे मैंने मॉडल स्कूल की शुरुआत के लिए चुना। इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस, ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधा होगी। स्कूल से ही नीट और जेईई की कोचिंग कराई जाएगी।”
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर ने अपने साहित्य के माध्यम से राष्ट्रवाद, भारतीय संस्कृति और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी। उनके योगदान को सम्मान देने और उनकी वैचारिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा, “आज बच्चों को मुख्यधारा में लाने की जरूरत है। बिहार के लगभग 4 लाख से अधिक बच्चे इन स्कूलों में पढ़ेंगे। इससे जीवन में बदलाव आएगा। लोग सोचते हैं कि स्कूल में ईंट-पत्थर लग गए, लेकिन मैं सोचता हूं कि ईंट-पत्थर का उद्घाटन करने नहीं आया हूं, बिहार के भविष्य का उद्घाटन करने आया हूं।”
सम्राट चौधरी ने कहा कि FILO ऐप के माध्यम से छात्र रात 12 बजे भी ऑनलाइन कक्षाएं कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में बिहार की एक करोड़ महिलाओं को लखपति बनाना है।
उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने बीपी इंटर स्कूल का निरीक्षण किया और छात्रों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर सुझाव दिए तथा उनका उत्साहवर्धन किया। बाद में रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए, जहां विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरकार का कहना है कि इन मॉडल स्कूलों में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का भी बेहतर अवसर मिल सकेगा।
