सोनिया गांधी की किताब पर महाराष्ट्र में बवाल, शिंदे गुट ने फाड़ी पुस्तक; बैन की मांग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने किताब में वीर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है। शिंदे गुट के नेताओं ने न केवल किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की, बल्कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी की पुस्तक भी फाड़ दी। इस पूरे घटनाक्रम ने महाराष्ट्र की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है।

दरअसल, शिंदे गुट की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय निरुपम, शाइना एनसी और आनंद दुबे शामिल हुए। नेताओं का आरोप है कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वीर सावरकर की माफी का जिक्र कर उनका अपमान किया है। शिंदे गुट ने कहा कि सावरकर का जीवन त्याग, तपस्या और संघर्ष का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपनी जिंदगी के 11 साल सेलुलर जेल में बिताए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिंदे गुट के नेताओं ने कहा, “सावरकर मतलब तेज, सावरकर मतलब तपस्या लेकिन कांग्रेस बार-बार उनका अपमान कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह किताब प्यार का सफर नहीं, बल्कि नफरत का सफर है। साथ ही महाराष्ट्र सरकार से पुस्तक पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। इस दौरान शिंदे गुट ने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब किताब में सावरकर को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं, तो उद्धव ठाकरे इस पर अपनी प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रहे हैं।
हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक अलग ही घटनाक्रम देखने को मिला। सोनिया गांधी की किताब का विरोध करते हुए शाइना एनसी ने गलती से शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी। यह देखते ही संजय निरुपम ने उन्हें टोका। गलती का एहसास होने पर शाइना एनसी ने तस्वीर नीचे रख दी।

बता दें कि सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का आधिकारिक विमोचन शुक्रवार को हुआ। इस मौके पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन और डीके शिवकुमार समेत कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद थीं। अब इस किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।

Share This Article