NEWS PR डेस्क: साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से संचालित एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो अलग-अलग राज्यों में बैठकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। आरोपियों के पास से आईफोन सहित कुल 18 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरोह के सदस्य महाराष्ट्र के Pune समेत कई राज्यों में गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी कर चुके हैं। आरोप है कि इन अपराधियों ने विभिन्न ऑनलाइन तरीकों से करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह का एक सदस्य पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के न्यू जगनपुरा में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। वहीं से कॉलिंग, फर्जी दस्तावेज तैयार कर और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को निशाना बनाया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। ये झारखंड सहित कई राज्यों में पहले भी जेल जा चुके हैं। फिलहाल साइबर पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, जिससे और भी अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जा सकती है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े संभावित बैंक खातों और लेन-देन की भी गहन जांच में जुटी है।