NEWS PR डेस्क: अररिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के तहत अररिया पहुंचे और यहां सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया। कुल मिलाकर लगभग 545.88 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को उन्होंने जनता के समक्ष पेश किया।
कार्यक्रम में मंचासीन उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री लेसी सिंह और भाजपा विधायक देवंती यादव एवं विजय कुमार मंडल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी नेता मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे।
मुख्य कार्यक्रम स्थल अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार के अगले पांच वर्षों के विकास की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा और राज्य के विकास में केंद्र सरकार का सहयोग लगातार मिल रहा है। अपने करीब 40 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री ने 2005 से पहले के बिहार की स्थिति का भी उल्लेख किया और लोगों से संवाद के दौरान भरोसा मांगा कि राज्य का विकास निरंतर अच्छा रहेगा।
उन्होंने केंद्रीय सहयोग की अहमियत को भी रेखांकित किया। जुलाई 2024 के बजट में बिहार को आर्थिक पैकेज के तहत बड़ी राशि दी गई थी, जबकि फरवरी 2025 के बजट में मखाना बोर्ड और पश्चिमी कोसी नहर की सफाई जैसी परियोजनाओं के लिए धन आवंटित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बिहार के विकास में योगदान के लिए धन्यवाद भी दिया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि अररिया के फारबिसगंज में 150 एकड़ में हवाई अड्डा बनाया जाएगा। वहीं सुपौल के वीरपुर में हवाई अड्डा के लिए टेंडर प्रक्रिया केंद्र सरकार द्वारा पूरा कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने हड़ियाबाड़ी स्थित न्यू पुलिस लाइन का उद्घाटन किया, जिसकी लागत 54 करोड़ रुपये है और यह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसके बाद सड़क मार्ग से अररिया आरएस में एएनएम प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया गया, जिसकी लागत 29.6 करोड़ रुपये है। उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कोसी डेयरी के मिल्क चिलिंग प्लांट के नवीकरण का शिलान्यास भी किया। दिन के अंत में मुख्यमंत्री का काफिला अररिया कॉलेज स्टेडियम पहुंचा, जहां उन्होंने जनसंवाद को संबोधित किया और इसके बाद किशनगंज के लिए रवाना हो गए।