पटना में ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, साढ़े सात करोड़ की हेरोइन-ब्राउन शुगर बरामद, एक गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। पटना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की है। खगौल थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर इलाके में छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब साढ़े चार किलो मादक पदार्थ जब्त किया और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन और ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े सात करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई की पुष्टि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने की है।

बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्तफापुर इलाके में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी कर आरोपी को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्कर ने इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस आरोपी की अवैध संपत्ति की जांच कर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी में है।

पटना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि मादक पदार्थ तस्करी या किसी अन्य अपराध से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए 8102488655 नंबर जारी किया गया है, जिस पर लोग अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए भी सूचना दे सकते हैं।

Share This Article