NEWS PR डेस्क: कटिहार, 22 मार्च। बिहार के कटिहार शहर के वृहद आश्रय गृह से रविवार की सुबह दो बच्चियां अचानक फरार हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही आश्रय गृह में हड़कंप मच गया और जिला प्रशासन तथा पुलिस मौके पर सक्रिय हो गई।
सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गृह कर्मियों से पूछताछ की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, सहायक थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने बच्चियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी।
फरार बच्चियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, फरार बच्चियों में से एक हरियाणा की रहने वाली है जबकि दूसरी अररिया की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सुबह करीब 3:30 बजे दोनों बच्चियां बाथरूम से निकलकर लगभग दस फीट ऊंची चहारदीवारी फांदकर बाहर भाग गईं।
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
यह पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में आश्रय गृह से आधा दर्जन से अधिक बच्चे- बच्चे फरार हो चुके हैं। पूर्व में पटना से बरामद बच्चियों ने शोषण और दवा खिलाने जैसे आरोप भी लगाए थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
आश्रय गृह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने के बावजूद बच्चियों के बार-बार फरार होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यहां ऊंची चहारदीवारी के ऊपर कंटीले तार लगे हैं और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित हैं।
प्रशासन का एक्शन
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बताया, “सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि बच्चियां सुबह 3:30 बजे बाथरूम से निकलकर दीवार फांदकर फरार हुईं। बरामदगी के लिए निर्देश जारी किए गए हैं और जांच का आदेश दिया गया है।” वहीं, एसपी शिखर चौधरी ने कहा, “पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों बच्चियों की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।”