NEWS PR डेस्क: बगहा (पश्चिम चंपारण): बगहा पुलिस जिला में शनिवार को मोहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, आस्था और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से निकाला गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और ड्रोन कैमरों से निगरानी के बीच शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम रही।

जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया और करबला के शहीद हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए मातम और पारंपरिक धार्मिक रस्में अदा कीं। जिले के विभिन्न इलाकों में पूरे दिन धार्मिक आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। अच्छी बात यह रही कि पूरे जिले में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम
बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी ने बताया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थलों, मस्जिदों, ईदगाहों और जुलूस मार्गों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा महिला एवं पुरुष पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। एसडीएम चांदनी कुमारी के साथ एसडीपीओ निहार भूषण और एसडीपीओ रागनी कुमारी ने भी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर तैनात बलों को आवश्यक निर्देश दिए।
ताजिया जुलूस के साथ मेले का आयोजन
नगर क्षेत्र के पारस नगर, गांधीनगर, ईदगाह मस्जिद, डुमवलिया, बगहा-दो, पटखौली और रत्नमाला सहित कई इलाकों में ताजिया जुलूस के साथ मेले का आयोजन भी किया गया। इस दौरान विभिन्न अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक युद्धकला और आकर्षक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
पुलिस अधीक्षक ने आभार व्यक्त किया
पुलिस अधीक्षक ने आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आमजन, शांति समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। यह पूरा आयोजन बगहा में गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की एक मजबूत मिसाल बनकर सामने आया। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
