पश्चिम चंपारण में लगातार बारिश से बिगड़े हालात, उफान पर नदियां; निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा ,

Muskan Gupta

चार दिनों से हो लगातार बारिश से पश्चिम चंपारण की नदियां उफान पर, बाढ़ की आशंका बढ़ी
पश्चिम चंपारण/बेतिया। जिले में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। गांगुली, पंडई, बोडहा, कटहा और हड़बोड़ा नदी समेत कई नदियां उफान पर हैं। इससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।


बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने योगापट्टी प्रखंड के बढ़रवा एवं चौमुखा क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर आबादी को ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट करने तथा सामुदायिक रसोई संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही पीडी रिंग बांध का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान वरीय उप समाहर्ता अहमद अली अंसारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।

जलस्तर, आवागमन और राहत व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश का सिलसिला जारी रहने पर निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article