पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में दुर्गा पूजा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पंडालों का निरीक्षण
सीसीटीवी, अग्निशमन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
बेतिया दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बेतिया शहर के पावर हाउस, काली बाग, नाका चौक और बानूछापर स्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश-निकास द्वार, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेडिंग, प्राथमिक उपचार और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती पर जोर दिया गया।
डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, एसएसपी ने भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, मेडिकल टीम, अग्निशमन दल और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-