NEWS PR डेस्क:जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि सुपरबाइक चलाने का शौक चर्चा में है। तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पटना की सड़कों पर हरे रंग की सुपरबाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं। यह कावासाकी निंजा ZX-6R बाइक है, जिसे उन्होंने अपनी पसंदीदा बाइक बताया है।
लंबे समय बाद चलाई अपनी पसंदीदा बाइक
तेजप्रताप यादव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए बाइक चलाने का अनुभव भी बताया है। उन्होंने लिखा कि लंबे समय बाद उन्हें अपनी पसंदीदा बाइक चलाने का मौका मिला। पटना की सड़कों पर बाइक चलाते हुए उन्हें काफी उत्साह और खुशी महसूस हुई।
तेजप्रताप ने अपने पोस्ट में बाइक चलाने के अनुभव को आजादी के साथ उड़ने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि बाइक चलाना उनके लिए सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि जुनून और आजादी का एहसास है। पोस्ट के साथ उन्होंने ‘My Favourite Bike, My Style, My Swag’ भी लिखा है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स के दिलचस्प कमेंट
तेजप्रताप यादव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कई यूजर्स उनके बाइक चलाने के अंदाज को पसंद कर रहे हैं, तो कुछ लोग मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘भैया ध्यान से, एक बार आप साइकिल चलाने में गोलंबर पर गिर गए थे।’ इस तरह वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
12 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की है Kawasaki Ninja ZX-6R
तेजप्रताप यादव जिस हरे रंग की बाइक पर नजर आ रहे हैं, वह कावासाकी निंजा ZX-6R है। यह एक प्रीमियम स्पोर्ट्स बाइक है। भारतीय बाजार में इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 12.49 लाख रुपये बताई जाती है। बाइक में 636 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, चार सिलेंडर वाला इंजन दिया गया है, जो करीब 127 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है। इसमें क्विकशिफ्टर की सुविधा भी मिलती है, जिससे क्लच का इस्तेमाल किए बिना गियर बदले जा सकते हैं।
इसके अलावा बाइक में चार राइडिंग मोड- स्पोर्ट, रोड, रेन और राइडर दिए गए हैं। इसमें तीन स्तर का ट्रैक्शन कंट्रोल, डुअल चैनल ABS और 4.3 इंच का कलर TFT डिस्प्ले भी मिलता है। ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ इसके आगे दो 310 एमएम डिस्क ब्रेक और पीछे 220 एमएम का डिस्क ब्रेक दिया गया है। फिलहाल तेजप्रताप यादव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है। राजनीति से इतर उनका बाइक प्रेम एक बार फिर लोगों के बीच सुर्खियों में है।