NEWS PR डेस्क:पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर अपने आवास पर परिवार के साथ भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान चित्रगुप्त से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। इसके बाद उन्होंने पटना के विभिन्न इलाकों में आयोजित चित्रगुप्त पूजा समारोहों में शामिल होकर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रविशंकर प्रसाद इंद्रपुरी, एजी कॉलोनी, आशियाना नगर फेज-2, मजिस्ट्रेट कॉलोनी, ठाकुरबाड़ी और न्यू यारपुर समेत कई स्थानों पर पहुंचे। यहां विभिन्न चित्रगुप्त पूजा समितियों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की और समाज के लोगों से मुलाकात की।
समाज के निर्माण में कायस्थ समाज की अहम भूमिका
पूजा-अर्चना के बाद रविशंकर प्रसाद ने भगवान चित्रगुप्त के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त परमपिता ब्रह्मा के अंश माने जाते हैं। वे बुद्धि, विवेक और ज्ञान के प्रदाता होने के साथ समस्त प्राणी जगत के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता हैं। उन्हें लेखनी का आराध्य देव भी माना जाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज के निर्माण और विकास में कायस्थ समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज के लोगों को शिक्षा, रोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की दिशा में लगातार प्रयास करना चाहिए। कायस्थ समाज ने हमेशा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाई है।
सर्वसमावेशी समाज के निर्माण में चित्रांश परिवार का योगदान
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एक समरस और सर्वसमावेशी समाज के निर्माण में चित्रांश परिवार का योगदान महत्वपूर्ण है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और आपसी सद्भाव को मजबूत करना समय की जरूरत है। अंत में उन्होंने भगवान चित्रगुप्त से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी पटनावासियों और देशवासियों पर बनी रहे। हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए तथा समाज में प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत हो।