चंद्रावत नदी में नहाने गया युवक तेज बहाव में बहा, पथरी घाट पर मची अफरा-तफरी; तलाश जारी

Shreya Raj
चंद्रावत नदी में लापता युवक की तलाश में जुटे ग्रामीण, नदी में चल रहा खोज अभियान।

बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित पथरी घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंद्रावत नदी में नहाने गया एक युवक अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। घटना के बाद युवक लापता हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और युवक की खोज लग गए | मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गए।

एसडीआरएफ टीम का इंतजार, देरी से ग्रामीणों में नाराजगी

युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम को बुलाया गया है हालांकि, समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। रेस्क्यू टीम के पहुंचने में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि नदी में तेज बहाव होने के कारण हर मिनट महत्वपूर्ण है और समय रहते बचाव अभियान शुरू होना चाहिए, ताकि युवक की तलाश जल्द से जल्द की जा सके।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, नदी किनारे जुटे ग्रामीण

युवक के लापता होने की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नदी किनारे मौजूद हैं और युवक के मिलने की उम्मीद में लगातार इंतजार कर रहे हैं। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि नदी में तेज बहाव को देखते हुए अनावश्यक रूप से पानी में न उतरें और गहरे पानी से दूरी बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। समाचार लिखे जाने तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था और उसकी तलाश जारी थी।

पश्चिम चम्पारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article