NEWS PR डेस्क: आज के दौर में जहां जमीन-जायदाद को लेकर रिश्तों में भी दूरी देखने को मिलती है, वहीं भोजपुर से सामने आई एक खबर इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की नई मिसाल पेश कर रही है। यहां सरथुआ पंचायत के मुखिया राकेश सिंह ने अपनी पांच साल की बेटी प्रिंसी राज के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसकी पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

बेटी के जन्मदिन पर उन्होंने जश्न और उपहारों से अलग हटकर अपने हिस्से की 18 कट्ठा निजी जमीन महादलित और जरूरतमंद गरीब परिवारों के लिए दान कर दी। इस जमीन पर अब उन परिवारों को बसने का मौका मिलेगा, जिनके पास लंबे समय से अपना घर बनाने के लिए जमीन का छोटा सा टुकड़ा भी नहीं था।
‘किसी के जीवन में घर की खुशी देना सबसे बड़ा उपहार’
मुखिया राकेश सिंह ने कहा कि हर इंसान के लिए अपना घर सबसे बड़ी सुरक्षा और सपने की तरह होता है। अगर उनकी जमीन किसी गरीब परिवार के जीवन में बदलाव ला सकती है, तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कुछ नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया है। समाज के प्रति जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की मदद का भाव हमेशा से उनके काम का हिस्सा रहा है।
लंबे समय से समाज सेवा में सक्रिय हैं राकेश सिंह
ग्रामीणों के अनुसार, राकेश सिंह पिछले कई वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता देना,मुश्किल समय में लोगों की मदद करना उनकी पहचान बन चुकी है। बेटी के जन्मदिन को समाज सेवा से जोड़कर उन्होंने एक ऐसा संदेश दिया है, जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है।
गरीब परिवारों को मिलेगा अपना आशियाना
राकेश सिंह का मानना है कि यदि समाज के सक्षम लोग जरूरतमंद परिवारों का सहयोग करें, तो कई लोगों की बेघर रहने की मजबूरी खत्म हो सकती है। उनकी इस पहल को ग्रामीणों ने सिर्फ जमीन का दान नहीं, बल्कि इंसानियत, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बताया है।
इलाके में हो रही पहल की सराहना
जब अक्सर जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद की खबरें सामने आती हैं, ऐसे समय में भोजपुर की यह पहल उम्मीद जगाने वाली है। बेटी के जन्मदिन पर 18 कट्ठा जमीन दान कर राकेश सिंह ने यह संदेश दिया है कि असली खुशी केवल अपने लिए जीने में नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में बदलाव लाने में है।आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट
