NEWS PR डेस्क:बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक घर के पूजा घर से बड़ी संख्या में सांप निकल आने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते सांपों का पता चल गया और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

बता दें कि बगहा के नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर के करीब 120 वर्गफुट के पूजा घर से एक-दो नहीं, बल्कि सांपों का पूरा कुनबा निकल आया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। सबसे पहले गृहस्वामी की पत्नी की नजर सांपों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सतर्क किया, जिसके बाद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
बच्चों का भी अक्सर आना-जाना …
जिस पूजा घर में परिवार रोज पूजा-अर्चना करता है और जहां बच्चों का भी अक्सर आना-जाना रहता है, वहां इतनी बड़ी संख्या में सांपों का मिलना सभी के लिए बेहद हैरान करने वाला रहा। समय रहते स्थिति का पता चल जाने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल..
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करने और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लेने की सलाह दी जा रही है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
