NEWS PR डेस्क :भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला लगातार सुर्खियों में है। बलिया कोर्ट में चल रही तलाक की सुनवाई बार-बार टलने के बीच इस बार कोर्ट से बाहर निकलते ही ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बार-बार कोर्ट से बुलाए जाने के बावजूद पवन सिंह पेश नहीं हो रहे हैं और उन्होंने कोर्ट के आदेश का मजाक बनाकर रख दिया है।
‘कोर्ट और कानून की कोई वैल्यू नहीं रह गई’
मीडिया से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह सरकारी पद पर हैं, लेकिन इसके बावजूद कोर्ट और कानून का सम्मान नहीं कर रहे हैं। उन्हें ऐसा लग रहा है कि वे सबसे ऊपर हैं और उनके सामने कोर्ट-कानून की कोई अहमियत नहीं है। ज्योति ने आरोप लगाया कि पवन सिंह का मकसद उन्हें परेशान करना है।
भावुक हुईं ज्योति, सरकार से भी पूछा सवाल
बातचीत के दौरान ज्योति सिंह भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह इस लड़ाई को लड़ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस सरकार में बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की बात की जाती है, उसी से जुड़े व्यक्ति पर एक महिला को परेशान करने के आरोप लग रहे हैं।
ज्योति ने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि पवन सिंह को जो पद दिया गया है, क्या वह वास्तव में उसके योग्य हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बेटी के नाम पर प्रचार और चुनावी रणनीति बनाई जाती है, वहीं दूसरी तरफ एक बेटी को परेशान किया जा रहा है।
बलिया कोर्ट में चल रहा है तलाक का मामला
जानकारी के अनुसार, पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला बलिया कोर्ट में विचाराधीन है। सुनवाई लगातार टलने को लेकर ज्योति सिंह ने नाराजगी जाहिर की है। फिलहाल इस मामले में पवन सिंह की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।