पश्चिम चंपारण के मझौलिया की बेटी राजमीन खान ने डॉक्टर बनकर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। किर्गिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजमीन ने मेडिकल परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग भी उन्हें बधाई दे रहे हैं।
मझौलिया पंचायत के वार्ड नंबर पांच निवासी मोहम्मद तुफैल खान उर्फ चुन्ने खान की पुत्री राजमीन खान ने विदेश में रहकर मेडिकल की पढ़ाई पूरी की। कठिन मेहनत, अनुशासन और लगातार तैयारी के दम पर उन्होंने मेडिकल परीक्षा में 173 अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की। खास बात यह रही कि उन्हें पहले ही प्रयास में कामयाबी मिली।
राजमीन की सफलता के बाद परिजनों ने घर पर उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशियां मनाईं। इस दौरान परिवार के लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। राजमीन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग, प्रोत्साहन और आशीर्वाद को दिया।
हालांकि, इस सफलता के पीछे एक भावुक कहानी भी जुड़ी है। राजमीन की दादी हलीमा खातून का सपना था कि उनकी पोती डॉक्टर बने। आज राजमीन ने डॉक्टर बनकर उस सपने को साकार कर दिया है, लेकिन उनकी दादी अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में यह उपलब्धि परिवार के लिए खुशी के साथ भावनाओं से जुड़ा एक खास पल भी है।
राजमीन की प्रारंभिक शिक्षा पुणे के कॉन्वेंट स्कूल में हुई थी। उनकी सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राजमीन की यह उपलब्धि उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं।
पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तेयाज की रिपोर्ट ;-
