पुलिस टीम पर हमले के बाद शराब माफियाओं पर बड़ा एक्शन, चकिया मुसहरी में छापेमारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पुलिस टीम पर हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़ और गोलीबारी के बावजूद कार्रवाई नहीं रुकी। शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले के बाद पटना पुलिस ने चकिया मुसहरी में बड़े स्तर पर अभियान चलाया।

मसौढ़ी डीएसपी राघव दयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिपरा थाना क्षेत्र की बेहरामा पंचायत स्थित चकिया मुसहरी में बड़े स्तर पर छापेमारी की। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की कई गाड़ियों और मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की। पुलिस पर गोलीबारी किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस टीम पीछे नहीं हटी और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
पुलिस के पहुंचते ही किया विरोध, फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
पुलिस को चकिया मुसहरी में बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की। पुलिस की कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध किया और टीम पर हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया।
नदी किनारे हजारों लीटर जावा महुआ बरामद
छापेमारी के दौरान नदी किनारे का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। यहां बड़ी संख्या में गैलन और अन्य बर्तनों में भारी मात्रा में जावा महुआ तैयार किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके पर मौजूद हजारों लीटर जावा महुआ को नष्ट कर दिया। इसके अलावा सैकड़ों लीटर तैयार देसी शराब भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, चकिया मुसहरी और आसपास के इलाके में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण की शिकायत मिल रही थी। कार्रवाई शुरू होते ही कई घरों से पुरुष और महिलाएं फरार हो गए।
25 से ज्यादा लोग हिरासत में
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई जारी रखी और करीब 25 से अधिक महिला और पुरुषों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब निर्माण के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं और पुलिस टीम पर हमले में किन लोगों की भूमिका थी।
घर से देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद
शराब के खिलाफ अभियान के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली। एक घर में तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसके पास था और क्या इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में किया जा रहा था।
डीएसपी ने कहा- जारी रहेगा अभियान
मसौढ़ी डीएसपी राघव दयाल ने बताया कि चकिया मुसहरी में काफी समय से अवैध शराब निर्माण की सूचना मिल रही थी। नदी किनारे बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे जावा महुआ को नष्ट किया गया है और तैयार देसी शराब भी बरामद हुई है।
डीएसपी ने कहा कि दो दिन पहले भी पुलिस टीम पर हमला हुआ था। अब पुलिस ने भारी बल के साथ इलाके में कार्रवाई तेज कर दी है। शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पुलिस टीम पर हमला करने और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article