NEWS PR डेस्क: पटना, 19 जुलाई। राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र स्थित छिहत्तर गांव में रविवार सुबह आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच पहले जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच दर्जनों राउंड गोलियां चलीं। अचानक हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सिटी एसपी (पश्चिमी) साकेत कुमार ने बताया कि रविवार सुबह छिहत्तर गांव में गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान गोली लगने से घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मनेर थाना में पहले से छेड़खानी का एक मामला दर्ज है और उसी विवाद की कड़ी में मारपीट के बाद गोलीबारी की घटना हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
