अचानक ‘जिंदा’ होकर लौट आई 24 साल पहले मर चुकी पत्नी! बोली- मेरा हक दिलाओ, पति, पुलिस सब रह गए दंग

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 24 साल पहले मृत घोषित की जा चुकी महिला अचानक ‘जिंदा’ होकर अपने पति के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंच गई।

इस अजीबोगरीब घटनाक्रम से न सिर्फ पति बल्कि पुलिस भी हैरान रह गई।मामला मेहदावल इलाके के बरूईपुर गांव का है। यहां के रहने वाले रामजीत, जो धनबाद की कोयला खदान में काम करते हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी कपूरा देवी का वर्ष 2002 में निधन हो चुका है। पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी नहीं की, लेकिन बच्चों की देखभाल के लिए एक महिला को घर पर रखा था।

रामजीत का आरोप है कि यही महिला बाद में खुद को उनकी पत्नी कपूरा देवी बताकर अधिकारियों के पास शिकायत करने लगी। उसने पुलिस को दिए आवेदन में दावा किया कि उसका पति उसे छोड़कर चला गया है और वह दर-दर भटकने को मजबूर है। जब पुलिस ने इस संबंध में रामजीत से संपर्क किया और बताया कि उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, तो वह हैरान रह गए।

रामजीत ने पुलिस को स्पष्ट किया कि उनकी पत्नी का तो 24 साल पहले ही निधन हो चुका है, ऐसे में वह अचानक कैसे जिंदा हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि शिकायत करने वाली महिला का असली नाम गंगा भारती है और वह गोरखपुर के ही एक व्यक्ति रामप्रीत की पत्नी है।

आरोप है कि उसने खुद को कपूरा देवी बताकर न सिर्फ थाने में शिकायत दी, बल्कि दीवानी न्यायालय में शपथ पत्र के साथ वाद भी दायर किया और परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की कोशिश की।रामजीत का यह भी कहना है कि महिला ने उनसे पैसे की मांग की थी और जब मांग पूरी नहीं हुई तो वह अपने घर लौट गई। उन्होंने संकेत दिया है कि अब वह खुद इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।

पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई पूरी तरह सामने आएगी।

Share This Article